HomeUncategorizedमप्र सरकार के ‘नशे से दूरी है ज़रूरी–2.0’ अभियान पर कांग्रेस का...

मप्र सरकार के ‘नशे से दूरी है ज़रूरी–2.0’ अभियान पर कांग्रेस का तीखा हमला

प्रदीप कुमार गागले

“सरकार चोरों से कहती है चोरी करो और जनता से कहती है जागते रहो” – रवि नाईक

खरगोन। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘नशे से दूरी है ज़रूरी–2.0’ अभियान को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर नशा मुक्ति के नाम पर रैलियां, शपथ और जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर उसकी नाक के नीचे अवैध शराब, गांजा, ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है।

रवि नाईक ने कहा कि “सरकार चोरों से कहती है चोरी करो और जनता से कहती है जागते रहो। यही हाल नशा मुक्ति अभियान का है। एक तरफ करोड़ों रुपये खर्च कर प्रचार किया जा रहा है, दूसरी तरफ पूरे प्रदेश में नशे का अवैध कारोबार बेखौफ चल रहा है। यह दोहरी नीति जनता के साथ छलावा है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में अवैध नशे का कारोबार अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में संचालित हो रहा है। यदि सरकार वास्तव में नशा मुक्त समाज बनाना चाहती है तो सबसे पहले अवैध शराब, गांजा, ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर कठोर कार्रवाई करे। केवल फोटो खिंचवाने, रैलियां निकालने और शपथ दिलाने से नशे की समस्या समाप्त नहीं होगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि “जब तक नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जाता, तब तक ‘नशे से दूरी है ज़रूरी’ जैसे अभियान केवल सरकारी दिखावा और प्रचार तक सीमित रहेंगे। जनता अब भाषण नहीं, जमीनी कार्रवाई चाहती है।”

उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेशभर में चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर विशेष अभियान चलाकर दोषियों, संरक्षण देने वाले अधिकारियों तथा इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अन्यथा सरकार के नशा मुक्ति अभियान की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular