प्रदीप कुमार गांगले
खरगोन। ताप्ती रेलवे लाइन को लेकर लंबे समय से चल रहे प्रयासों के बीच ताप्ती रेलवे लाइन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पहुंचकर महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं। समिति के अध्यक्ष सहित प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे परियोजना को गति देने के लिए केंद्र स्तर पर चर्चा की।
समिति के सदस्य दामोदर अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अलीराजपुर–खरगोन–खंडवा रेलवे लाइन के प्रस्तावित मार्ग का पैदल सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। वहीं पश्चिम रेलवे से लगातार पत्राचार कर परियोजना की प्रगति की जानकारी भी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब इस रेलवे लाइन के लिए ड्रोन सर्वे का कार्य भी शुरू हो गया है, जिससे परियोजना के तकनीकी आकलन को गति मिलेगी।
दिल्ली प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पीएमओ कार्यालय में भी मुलाकात कर परियोजना से संबंधित विषयों को रखा। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया से भी चर्चा की गई। इस दौरान भदौरिया ने भारतीय रेलवे लाइन बोर्ड नई दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी वेद प्रकाश से बातचीत कर परियोजना को लेकर सकारात्मक संदेश मिलने की बात कही।
ताप्ती रेलवे लाइन समिति के सभी सदस्यों ने दिल्ली पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि सर्वे कार्य पूर्ण होने के बाद जल्द ही इस महत्वपूर्ण रेलवे लाइन के निर्माण का रास्ता साफ होगा, जिससे क्षेत्र के विकास और आवागमन को नई गति मिलेगी। यह बात प्रदीप कुमार गांगले मीडिया प्रभारी ने बताई ।
ताप्ती रेलवे लाइन को लेकर दिल्ली में तेज़ हुई पहल, समिति का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा राजधानी
RELATED ARTICLES



