प्रदीप कुमार गांगले
बड़वाह। नगर में सौभाग्य, श्रद्धा और परंपरा का प्रतीक गणगौर पर्व पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। “गणपति ईसर पूजै पार्वती” जैसे मंगल गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। हर ओर सजी-धजी महिलाओं की टोलियां, पारंपरिक वेशभूषा और लोकगीतों की मधुर ध्वनि ने पर्व की गरिमा को और बढ़ा दिया।
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मारवाड़ी स्वर्णकार सोनी समाज के महिला मंडल द्वारा भव्य आयोजन किया गया। रविवार को शोभायात्रा एमजी रोड स्थित आनंदेश्वर महादेव मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर गोल बिल्डिंग, झंडा चौक, शीतला माता बाजार होते हुए नागेश्वर मंदिर परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उद्यान पहुंची। इसके बाद यात्रा सराफा बाजार और तिलक मार्ग से होते हुए सोनी धर्मशाला में संपन्न हुई।
शाम 4 बजे सभी महिलाएं आनंदेश्वर महादेव मंदिर पर एकत्रित हुईं, जहां से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा प्रारंभ हुई। मार्ग में जगह-जगह समाज बंधुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे माहौल और भी उल्लासपूर्ण हो गया।
इस आयोजन में समाज महिला अध्यक्ष पिंकी सोनी के नेतृत्व में सीमा सोनी, राजकुमारी सोनी, प्रीति सोनी, सारिका सोनी, टीना सोनी, पुष्पा सोनी, भावना सोनी, रीना सोनी, शीला सोनी, अभिलाषा सोनी, रजनी सोनी, रितु सोनी, अल्पना सोनी, मोहिनी सोनी, सुनीता सोनी, लक्ष्मी सोनी, विद्या सोनी, आशा सोनी, पमा सोनी, शम्मी सोनी, चांदनी सोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
पूजन और पारंपरिक “बाने” के पश्चात सोनी धर्मशाला में स्वल्पाहार का आयोजन किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने सहभागिता की।
गणगौर पर्व ने एक बार फिर बड़वाह में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और महिला शक्ति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।



