खरगोन/प्रदीप गांगले/ मनीष विद्यार्थी
लोक स्वामी
वे मेरी धन-दौलत छीन सकते थे पर काबिलियत नहीं… अत्याचारी सिस्टम से निपटने के लिए पत्रकारों का एकजुट होना जरूरी
आज दहशत, दबाव और दमड़ी चौथे स्तंभ को खोखला कर रही है। यह सही है कि पैसे के बगैर अखबार नहीं निकलता पर खबरों के बिना भी अखबार नहीं चलता। वर्तमान समय में पत्रकारिता के मायने बदल गए हैं। खोजी पत्रकारिता और सत्ता से सवाल पूछने की परंपरा को पीछे छोड़कर आज पत्रकारिता का एक बड़ा तबका चाटुकारिता की ओर झुक गया है। बावजूद इसके, लोकस्वामी ने इस मिथक को तोड़ते हुए बड़े-बड़े चेहरों को बेनकाब किया है। आज के दौर में फिर ऐसी ही निडर पत्रकारिता की आवश्यकता है। यह बात लोकस्वामी समूह के प्रधान संपादक श्री जीतू सोनी ने खरगोन स्थित कस्तूरी होटल में आयोजित पत्रकार मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।
संझा लोकस्वामी की भूमिका और निर्भीकता से प्रकाशन पर उन्होंने पूरी बेवाकी के साथ अपने विचार रखे। कलम को दबाने की कोशिश करने वाली कमलनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है पर पराजित नहीं। मुझ पर जो प्रताड़ना का दौर चला तो उस वक्त समय बलवान था, ये (अत्याचारी) नहीं। श्री सोनी ने कहा कि उन्होंने अंत तक सच्चाई को उजागर करने का लक्ष्य रखा है और उस पर आज भी कायम हैं। उन्होंने कहा कि मुझे व मेरे परिवार तथा स्टाफ को जिस ढंग से प्रताड़ित किया गया वह असहनीय है। अपनी स्वरचित कविता से भी उन्होंने अपने जज्बात पत्रकार साथियों के समक्ष रखें। श्री सोनी ने कहा कि हम संगठन के रूप में एक ताकत बनें। आज हम शपथ लें कि जिस भी पत्रकार साथी पर संकट आए, हम सब उसके साथ खड़े रहें। उन्होंने कहा कि यह पत्रकारिता कम हो गई है। प्रवक्ता ज्यादा हो गए हैं। हमें सत्ता का पहरेदार होना चाहिए। एक मिशन बतौर पत्रकारिता के, उस दौर की आज जरूरत है जो आजादी के पहले हुआ करता था। सच को पूरी ताकत के साथ उजागर कर सके, इसके लिए पत्रकार साथियों के एकजुट होने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वे ( कलम की आवाज को दबाने वाले ) मेरी धन- दौलत छीन सकते थे, लेकिन मेरी कलम और काबिलियत को नहीं छीन सकते। जब तक मेरी सांसें और मेरी कलम चल रही है, तब तक यह अखबार इसी अंदाज में चलता रहेगा। मुझे कितना ही खामियाजा भुगतना पड़े, मैं तैयार हूं।
इस अवसर पर कार्यशाला का आयोजन भी हुआ। आयोजन को मुख्य अतिथि इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार जीतू सोनी के अलावा मंचासीन विशेष अतिथि वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र जोशी( इंदौर ), अजीजुद्दीन शेख, मनोज रघुवंशी, उमेश रेवलिया, तरुण सोनी ने भी संबोधित किया। नवनिर्वाचित प्रेस क्लब खरगोन सिटी अध्यक्ष राजकुमार सोनी तथा सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया। आयोजक पत्रकार प्रदीप कुमार गांगले, रोहित दांगी और मनीष विद्यार्थी आदि ने वरिष्ठ पत्रकार जीतू सोनी को शाल पहनाते हुए अभिनन्दन कर सम्मानित किया। मंच का संचालन पत्रकार अबूबकर जिया ने किया।



