HomeUncategorizedसफाई कर्मियों का फूटा गुस्सा : फर्जी दस्तावेजों से ठेका लेने और...

सफाई कर्मियों का फूटा गुस्सा : फर्जी दस्तावेजों से ठेका लेने और कर्मचारियों के शोषण का आरोप, यूनियन ने सौंपा ज्ञापन


खरगोन। नगर पालिका खरगोन में कार्यरत ओम साईं विजन भोपाल एजेंसी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष रफीक खान के नेतृत्व में कर्मचारियों ने एजेंसी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए खरगोन कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा।
यूनियन अध्यक्ष रफीक खान ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा निविदा प्रक्रिया में फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर ठेका हासिल किया गया है। ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका परिषद अलीराजपुर, नगर परिषद राजपुर, बेटमा, भिकनगांव एवं जावरा में कार्य करने संबंधी कथित “वाटर प्लस” प्रमाण पत्र लगाए गए हैं, जिनकी सत्यता संदिग्ध है। मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि ठेका शर्तों के अनुसार जितने सफाई मजदूर एवं डोर-टू-डोर कचरा वाहन लगाए जाना चाहिए, उतनी संख्या में व्यवस्थाएं नहीं की गई हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था बस स्टैंड , मार्केट , मुख्य मार्ग प्रभावित हो रहे है और कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार डाला जा रहा है।
रफीक खान ने बताया कि सफाई कर्मचारियों से निर्धारित कार्य क्षेत्र से हटकर अन्य स्थानों पर भी काम करवाया जा रहा है। वहीं वेतन मांगने पर एजेंसी के सुपरवाइजर आकाश एवं रविन्द्र पाटीदार द्वारा कर्मचारियों से बदसलूकी, अपमानित करने तथा काम से निकालने की धमकी देने जैसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि दबाव बनाकर वेतन में कटौती भी की जा रही है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने, कर्मचारियों को समय पर पूरा वेतन दिलाने तथा सफाई कर्मियों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular