HomeUncategorizedस्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: विद्यार्थियों ने जाना कचरा प्रबंधन का विज्ञान, किया प्रसंस्करण...

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: विद्यार्थियों ने जाना कचरा प्रबंधन का विज्ञान, किया प्रसंस्करण इकाइयों का भ्रमण


खरगोन। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 अभियान में जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गोकुलदास पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई एवं निपटान केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कचरा प्रबंधन की आधुनिक प्रक्रियाओं को नजदीक से समझा।
नगर पालिका की प्रसंस्करण इकाई के प्रभारी श्री अरविंद वानखेड़े ने विद्यार्थियों को एमआरएफ प्लांट, एफएसटीपी प्लांट, कम्पोस्ट प्लांट, सी एंड डी प्लांट एवं ट्रॉमिल मशीन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस किया जाता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संसाधनों का पुनः उपयोग भी संभव होता है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को फायर मॉकड्रिल का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें आग लगने की स्थिति में बचाव एवं नियंत्रण के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। इस प्रशिक्षण ने छात्रों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाई।
नगर पालिका अधिकारी सुश्री कमला कोल ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन की वास्तविक प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलता है, जिससे वे स्वच्छता के प्रति अधिक जिम्मेदार बनते हैं। वहीं स्वास्थ्य अधिकारी श्री प्रकाश चित्ते ने कहा कि इस अनुभव के बाद छात्रों को अपने प्रोजेक्ट कार्यों में भी व्यावहारिक सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, आईईसी सदस्य एवं नगर पालिका कर्मचारी भी उपस्थित रहे। यह पहल न केवल शिक्षा को व्यवहारिक रूप देने का उदाहरण है, बल्कि स्वच्छता के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय कदम भी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular