नगर खरगोन में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य में उल्लेखनीय उपलब्धि सामने आई है। कुल 213 HLB (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) में से 8 प्रगणकों द्वारा अपने-अपने HLB का 100 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रशासनिक व्यवस्था और कार्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
इस सराहनीय उपलब्धि पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खरगोन वीरेंद्र कटारे, नगर पालिका परिषद खरगोन की अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी एवं चार्ज अधिकारी सुश्री कमला कोल द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों का सम्मान किया गया।
सम्मानित प्रगणकों में जयदेव कानूनगो, सोनू पाटीदार, अंकित जायसवाल, शबनम शेख, सौरभ सिंह चंदेल, शैलेंद्र यादव, लोकेंद्र पाटीदार एवं शमीम खान शामिल रहे। साथ ही पर्यवेक्षक सुनील पाटीदार को भी उनके कुशल मार्गदर्शन एवं सतत मॉनिटरिंग के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। प्रगणकों द्वारा समयबद्ध और शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना प्रशासनिक दक्षता, जिम्मेदारी और समर्पण का परिचायक है।
सम्मान समारोह के दौरान सभी प्रगणकों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। नगर खरगोन में जनगणना कार्य की यह उपलब्धि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनुशासन और उत्कृष्टता का प्रतीक बनकर सामने आई है।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण में खरगोन ने रचा कीर्तिमान, 8 प्रगणकों ने 100% कार्य पूर्ण कर पेश की मिसाल
RELATED ARTICLES



